टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, “अरिजीत और एड ने पूरे जियागंज में स्कूटर से सफर किया, जिसमें उन्होंने व्यस्त फूलमोरे इलाके से लेकर भागीरथी नदी के किनारों तक का सफर तय किया। इसके बाद वे शिबतला घाट पहुंचे, जहां से उन्होंने एक घंटे तक मेकनाइज़्ड बोट की सवारी भी की।”
स्थानीय डीआईजी ने भी इस खबर की पुष्टि की और बताया कि एड शीरन ने खुद अतिरिक्त सुरक्षा से इनकार किया था। उनकी इस सादगी ने फैंस को और भी हैरान कर दिया।
एड शीरन भारत में अपने शो के अलावा भी फैंस के साथ जुड़ने के अनोखे तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बेंगलुरु के चर्च स्ट्रीट पर अचानक परफॉर्मेंस दी, जिससे वहां मौजूद लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने भीड़ बढ़ने के कारण उनकी परफॉर्मेंस को बीच में रोक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसके अलावा, बेंगलुरु में हुए अपने कॉन्सर्ट के दौरान एड शीरन ने एक और खास सरप्राइज़ दिया। उन्होंने भारतीय गायिका शिल्पा राव को स्टेज पर बुलाया और साथ में “छुट्टामल्ले” गाना गाया। दिलचस्प बात यह रही कि इस गाने के तेलुगु लिरिक्स अरिजीत सिंह ने गाए, जिससे फैंस बेहद उत्साहित हो गए।
एड शीरन ने पहले ही हैदराबाद और चेन्नई में भी परफॉर्मेंस दी थी। चेन्नई के शो में उन्होंने भारत के मशहूर संगीतकार एआर रहमान के साथ मिलकर आइकॉनिक “उर्वशी” गाना गाया। इस खास परफॉर्मेंस ने दर्शकों को पुरानी यादों में ले गया।
अब एड शीरन का अगला शो 12 फरवरी को शिलॉन्ग में और 15 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में होगा। भारत में उनके इस दौरे को काफी पसंद किया जा रहा है, खासतौर पर उनके डाउन टू अर्थ नेचर और भारतीय कलाकारों के साथ उनके जुड़ाव की वजह से।
अरिजीत सिंह को उनकी सादगी के लिए जाना जाता है। वह न सिर्फ अपनी आवाज़ बल्कि अपनी जीवनशैली के कारण भी फैंस के दिलों में बसे हुए हैं। जियागंज में एड शीरन के साथ स्कूटर पर घूमना इस बात का और एक उदाहरण है कि कैसे वह ग्लैमर और चकाचौंध से दूर, आम इंसान की तरह जीवन जीना पसंद करते हैं।
एड शीरन और अरिजीत सिंह की यह अनोखी मुलाकात सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। फैंस इस दोस्ती को लेकर काफी खुश हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि शायद दोनों भविष्य में किसी गाने पर भी साथ काम करें।